राष्ट्रपति पद के लिए आज नामांकन करेंगी द्रौपदी मुर्मू, PM मोदी रहेंगे साथ; YSR कांग्रेस का भी समर्थन

0 70

एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज नामांकन दाखिल करेंगी. बताया जा रहा है कि इस मौके पर पीएम मोदी और अमित शाह समेत एनडीए के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे.

वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र में पहले प्रस्तावक बने हैं. उन्होंने ट्वीट करके इस पर हर्ष भी जताया है.

यह मेरा परम सौभाग्य है कि भारत की जनजातीय समाज की पहली और देश की द्वितीय महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के नामांकन पत्र में फर्स्ट सेकंडर (प्रथम समर्थक) के रूप में हस्ताक्षर करने का अवसर प्राप्त हुआ.

मुझे विश्वास है कि आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी न केवल जनजातीय और कमजोर वर्ग की सशक्त आवाज सिद्ध होंगी, अपितु राष्ट्र की प्रगति एवं उन्नति को नई गति भी प्राप्त होगी.

उधर, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने गुरुवार को राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन दिया, जो कि इस पर पद के लिए पहली आदिवासी महिला हैं.

राज्य सरकार के एक आधिकारिक बयान के मुताबिक- सीएम जगन का कहना है कि उनकी पार्टी एससी, एसटी, बीसी और अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिनिधित्व पर हमेशा जोर देती है. हालांकि पहले से ही बैठक का कार्यक्रम निश्चित होने की वजह से वे द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में शामिल नहीं हो पाएंगे.

गौरतलब है कि राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 18 जुलाई को होंगे. वह किसी प्रमुख राजनीतिक दल या गठबंधन की ओडिशा से पहली राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हैं. वह झारखंड की पहली महिला राज्यपाल हैं. उन्होंने 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल के रूप में कार्य किया.

2007 में ओडिशा विधानसभा ने उन्हें सर्वश्रेष्ठ विधायक के लिए ‘नीलकंठ पुरस्कार’ से सम्मानित किया. उन्होंने 1979 और 1983 के बीच सिंचाई और बिजली विभाग में एक कनिष्ठ सहायक के रूप में कार्य किया.

उन्होंने भाजपा में कई संगठनात्मक पदों पर कार्य किया है और 1997 में राज्य एसटी मोर्चा की उपाध्यक्ष थीं. द्रौपदी मुर्मू 2013 से 2015 तक भाजपा के एसटी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य थीं और 2010 और 2013 में मयूरभंज (पश्चिम) के भाजपा जिला प्रमुख के रूप में कार्य किया. 2006 और 2009 के बीच वह ओडिशा में भाजपा के एसटी मोर्चा की प्रमुख थीं. वह 2002 से 2009 तक भाजपा एसटी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य रहीं. भारत के अगले राष्ट्रपति के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा जबकि मतगणना 21 जुलाई को होगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.