मानसून की विदाई से पहले आफत बनकर बरस रहे बादल, गंगोत्री हाईवे पर फंसे तीन हजार यात्री

0 104

प्रदेश में भारी वर्षा के कारण दुश्वारियां बढ़ गई हैं। शुक्रवार तड़के से ही बारिश का दौर जारी है। मैदान से पहाड़ तक आफत की वर्षा से जन-जीवन प्रभावित है।शहरी क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों के उफान से लोग परेशान हैं तो पहाड़ों में भूस्खलन नासूर बना हुआ है।

उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद
चारधाम यात्रा मार्ग पर भी भूस्खलन के कारण बार-बार आवाजाही बाधित हो रही है। जिससे हजारों श्रद्धालु जगह-जगह फंसे हुए हैं। गुरुवार को केदारनाथ समेत आसपास की चोटियों में हिमपात से घाटी का तापमान गिर गया है।

उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेल्गू गाड़ व सुनगर के बीच भूस्‍खलन थम गया है, जिसके बाद शुक्रवार को मार्ग खोलने का कार्य जारी है। भारी भूस्खलन के कारण यहां हाईवे गुरुवार पूरे दिन अवरुद्ध रहा।

बुधवार शाम को भी राजमार्ग बाधित हुआ था। सुनगर से लेकर गंगोत्री धाम के बीच बुधवार से तीन हजार तीर्थ यात्री फंसे हुए हैं। तीर्थयात्रियों के खाने, रहने सहित बच्चों के लिए दूध आदि की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

टिहरी में भारी बारिश से मकान ध्‍वस्‍त, एक की मौत
गुरुवार को टिहरी के ग्राम पंचायत कुमराडा में भारी वर्षा के कारण एक मकान ध्वस्त हो गया, जिसके मलबे में दबकर एक वृद्धा की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पिथौरागढ़ में 16 दिन बाद खुला कैलास मानसरोवर (तवाघाट-लिपुलेख) मार्ग गुरुवार सुबह मलबा आने से फिर बंद हो गया है।

कुमाऊं में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने कुमाऊं में भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मानसून की विदाई से पहले वर्षा उत्तराखंड में आफत बनकर बरस रही है। बुधवार शाम को शुरू हुई मूसलधार वर्षा गुरुवार सुबह तक जारी रही। कई क्षेत्रों में करीब 16 घंटे लगातार हुई वर्षा से जन-जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.