फिर होगी बारिश या मिलेगी राहत? 9 राज्यों में येलो अलर्ट

0 65

मानसून जा रहा है, लेकिन अब भी पूरी तरह से विदा होने में कई दिन बाकी हैं। मौसम विभाग ने आगामी 30 सितंबर तक कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

वहीं, एक अक्टूबर से ओडिशा में भी तेज बारिश होने के आसार है। मौसम विभाग ने गुरुवार यानी 29 सितंबर को ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश सहित देश के 9 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ राज्यों में आज भारी बारिश की संभावना है।

स्काईमेट वेदर के मुताबिक पाकिस्तान के मध्य भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। इसे प्रभाव से गुरुवार को पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, बिहार, महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड, सिक्किम, उत्तर प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में हल्की बारिश संभव है। दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो मौसम विभाग का कहना है कि अब आने वाले दिनों में बारिश की संभावना कम है। हालांकि राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहेंगे।

इन राज्यों में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार यानी 29 सितंबर 2022 को झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक के कुछ हिस्से, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु में गरज- चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने देश के 9 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है।

ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 1 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी और पड़ोस के क्षेत्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण एक अक्टूबर से बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होगी। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एचआर बिस्वास ने कहा मलकानगिरी, कोरापुट, रायगडा, कंधमाल, कालाहांडी, क्योंझर, मयूरभंज और सुंदरगढ़ जिलों के साथ-साथ पूरे तटीय क्षेत्र में अगले 24 घंटों में गरज और बिजली गिरने की गतिविधियां जारी रहेंगी।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर से मानसून 1-2 दिन में विदा ले लेगा, लेकिन इसके बाद भी दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में बारिश होगी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार यह वर्षा भी लगातार कई दिन और अच्छे स्तर पर होगी। इसकी वजह इयान तूफान है। स्काईमेट वेदर के अनुसार साउथ चाइना सी से उठा इयान तूफान दुनिया के कई देशों को प्रभावित कर रहा है। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि दो से तीन अक्टूबर के दौरान इस तूफान की वजह से ही बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। इससे फिर आगे भी कई वेदर सिस्टम विकसित होंगे। इस वजह से दिल्ली-एनसीआर ही नहीं बल्कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी वर्षा होने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.