Uttarakhand Weather: आज देहरादून समेत चार जिलों में तीव्र वर्षा के आसार, जानें मौसम का हाल

0 64

देहरादून में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा आफत बन हुई है। खासकर, आशारोड़ी, सहस्रधारा रोड, राजपुर, मालसी आदि क्षेत्रों में भारी वर्षा के दौर हो रहे हैं।

जबकि, घंटाघर से लेकर शहर के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के बीच उमसभरी गर्मी बेहाल कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी शुक्रवार को देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। जिसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में आंशिक बादल छाने और बूंदाबांदी के संभावना है।

कोटद्वार में नेशनल हाईवे मलबा आने से बंद
कोटद्वार में आसपास के क्षेत्र में बीती रात हुई मूसलधार बारिश के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी मलबा आ गया है। जिस कारण रात से ही राजमार्ग पर यातायात बंद है। राजमार्ग बंद होने के कारण वाहनों को दुगड्डा व कोटद्वार में ही रोका गया है। बताया जा रहा है कि राजमार्ग खुलने में दो घंटे का समय लग सकता है।

अब फिर वर्षा का सिलसिला तेज
उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बौछार पड़ रही हैं। मैदानी क्षेत्रों में आंशिक बादलों के बीच हल्की धूप खिलने से उमसभरी गर्मी बेहाल कर रही है। बीते एक सप्ताह में प्रदेशभर में सामान्य से आधी वर्षा दर्ज की गई थी, लेकिन अब फिर वर्षा का सिलसिला तेज होने लगा है।

अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार व ऊधमसिंह नगर को छोड़कर अन्य जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा के आसार हैं।

शनिवार और रविवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की आशंका है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत कुमाऊं के कुछ क्षेत्रों में अत्यंत भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

शहर                   अधिकतम     न्यूनतम
देहरादून             33.2              23.8
ऊधमसिंह नगर  35.4              26.4
मुक्तेश्वर              23.1             16.0
नई टिहरी           25.8              19.1

चंद्रबनी में वर्षा का कहर, दहशत में बीती रात
देहरादून शहर के बीचोंबीच हल्की बूंदाबांदी हो रही है, जबकि आसपास के क्षेत्रों में मानसून की वर्षा कहर बरपा रही है। आशारोड़ी में बुधवार की सुबह से गुरुवार की सुबह तक 124 मिमी वर्षा हुई, जिससे चंद्रबनी क्षेत्र में आपदा जैसे हालात हो गए और क्षेत्रवासियों ने दहशत में रात गुजारी। वर्षा का पानी और मलबा घरों में घुस गया, जिससे राशन के साथ ही अन्य सामान भी खराब हो गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.