Uttarakhand Weather: मानसून की रफ्तार फि‍र तेज, आज दो जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; चमोली में हुआ बज्रपात

0 29

Uttarakhand Weather: मानसून की वर्षा की रफ्तार प्रदेश में एक बार फिर तेज हो गई है। आने वाले तीन दिनों में देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में एक से दो दौर भारी वर्षा के हो सकते हैं।

चमोली और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेशभर में एक से दो दौर भारी वर्षा के हो सकते हैं। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

गोशाला में बज्रपात, दो मकान क्षतिग्रस्‍त
चमोली में शनिवार रात बारिश से नंदानगर घाट क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ। अतिवृष्टि से ग्राम सभा बांजबगड, व थोक कठूडा नमक तोक में दामोदर प्रसाद पुत्र दुर्गादत्त मैन्दोली एवं रामप्रसाद पुत्र दुर्गादत्त का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं पूरण सिंह पुत्र नारायण सिंह की गोशाला में बज्रपात होने से मवेशी मरे हैं।

चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे कर्णप्रयाग बाबा आश्रम के पास व कमेडा में मलबा आने के कारण अवरुद्ध हो गया थाl जिसे बाद में यातायात के लिए खोल दिया गया।

तीन दिन मानसून की वर्षा जारी रहने का अनुमान
पिछले 24 घंटे में देहरादून में 66.5 मिमी, उत्तरकाशी के मोरी में 56.2 मिमी, रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ में 54.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंतनगर का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मुक्तेश्वर का तापमान सामान्य से एक कम 20.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
टिहरी का तापमान सामान्य से दो कम 24.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, तीन दिन मानसून की वर्षा जारी रहने का अनुमान है। चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, देहरादून समेत सभी जनपदों में एक से दो दौर तेज वर्षा हो सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.