Weather report: इन 10 राज्‍यों में होगी भारी बारिश, यूपी-बिहार में धान किसानों की बढ़ी चिंता

0 27

देश के नॉर्थ-वेस्‍ट से मानसून की वापसी होते ही तापमान सामान्‍य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। दिल्‍ली, हरियाणा और उत्‍तर प्रदेश समेत कई राज्‍यों मे अचानक से गर्मी बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि तापमान में यह वृद्धि अल्पकालिक है।

आईएमडी ने शुक्रवार यानी 4 अक्‍तूबर को 10 से ज्‍यादा राज्‍यों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज (4 अक्‍टूबर) को सिक्किम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा और असम में भारी बारिश हो सकती है। वहीं कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और रायलसीमा में 8 अक्‍टूबर तक तेज हवा क साथ भारी बारिश का अनुमान है। देश की राजधानी दिल्‍ली समेत उत्‍तरी-पश्चिमी भारत में मौसम साफ रहेगा।

राजस्‍थान में 40°C पहुंच सकता है तापमान
आईएमडी के मुताबिक, दिल्‍ली में न्यूनतम तापमान लगभग 27°C और अधिकतम तापमान 38°C तक रहेगा। मौसम शुष्क रहेगा और हवा में थोड़ी गर्माहट बनी रहेगी​। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश से मानसून की विदाई हो रही है, जिससे मौसम सामान्‍य रहने की उम्मीद है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना है। राजस्‍थान के पश्चिमी हिस्‍से में तापमान 40°C तक पहुंच सकता है। वहीं मौसम में बढ़ती गर्मी से धान की खेती करने वाले यूपी-बिहार समेत अन्‍य राज्‍यों के किसानों की चिंता बढ़ गई है।

पूर्वी बिहार में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें संभव हैं। हालांकि, अधिकांश क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में रात में तापमान में गिरावट हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की ठंड महसूस हो सकती है​।

बता दें कि बीते दिन दिल्‍ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। वहीं हरियाणा के सिरसा में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 36.3 डिग्री सेल्सियस, जयपुर में 38 डिग्री सेल्सियस और चूरू में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी के महानिदेशक एम मोहपात्रा ने बताया कि आमतौर पर सितंबर के आखिर और अक्‍टूबर के शुरुआत में तापमान बढ़ जाता है। हालांकि, फिर धीरे-धीरे कम होगा और आर्द्रता का स्तर कम होगा, लेकिन इसमें कुछ दिन लगेंगे।

आईएमडी ने मंगलवार को ही पूर्वानुमान जारी किया था, जिसमें कहा था कि अक्टूबर के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की आसार हैं। इतना ही नहीं, अक्टूबर में देश भर में दिन और रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने का अनुमान लगाया है। बता दें कि साल 1971 से 2020 के आंकड़ों के आधार पर अक्टूबर के दौरान देश भर में बारिश का एलपीए 75.4 मिमी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.