Delhi Weather: दिल्ली में घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड बरकरार, अगले हफ्ते बारिश के आसार

0 37

राजधानी में आकाश साफ होने के बावजूद धूप नहीं निकल पा रही है। लगातार 11 दिनों से यह स्थिति बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार जमीन से 100 से 150 मीटर की ऊंचाई पर कोहरे होने से सूरज की किरण ठीक से धरती तक नहीं पहुंच पा रही है।

इस वजह से कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। लिहाजा शनिवार को भी अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले थोड़ी गिरावट हुई।

रविवार को सुबह में मध्यम से घने स्तर का कोहरा छाया हुआ है। अनुमान है कि दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

अगले सप्ताह में सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस वजह से सोमवार से बुधवार तक तीन दिन आकाश में बादल छाए रह सकते हैं।

इस दौरान मंगलवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है।

तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम
न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस जो सामान्य दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। मयूर विहार व जाफरपुर में ठंड ज्यादा रही। इन इलाकों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर बहुत कम रहा। एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस था।

मौसम विभाग के क्षेत्रीय निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पंजाब से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक जमीन से 100 से 150 मीटर की ऊंचाई पर कोहरे की चादर बनी हुई है। इस वजह से तेज धूप नहीं निकल पा रही है।

इस वजह से दिन का तापमान बढ़ नहीं पा रहा है। वर्ष 2019 में दिसंबर में लगातार 18 दिन दिल्ली में धूप नहीं निकली थी। इस बार अभी कुछ दिन ऐसी स्थिति और रह सकती है। इसके बाद तापमान धीरे-धीरे बढ़ना शुरू होगा।

दिल्ली के इन इलाकों में अधिक रही ठंड, उन इलाकों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

इलाके                    अधिकतम  न्यूनतम

मयूर विहार             13.8           9.8

जाफरपुर                14.0          9.6

नरेला                     14.6          10.1

रिज एरिया              14.6           7.6

आइजीआइ एयरपोर्ट 14.6          9.6

Leave A Reply

Your email address will not be published.