इस समय सुबह-शाम भले ही ठंड हो, लेकिन रंगों का त्योहार होली भीषण गर्मी में मनाया जाएगा। होली आते-आते तापमान इस स्तर पर पहुंच जाएगा कि लोग तेज धूप में पसीने से तरबतर हो जाएंगे।
यह स्थिति सिर्फ एनसीआर में ही नहीं बल्कि हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में रहेगी। जानकारी के अनुसार, फिलहाल दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से नीचे है। लेकिन शनिवार से इसमें बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। सोमवार तक इसके क्रमश: 34 और 17 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान है।
14 मार्च तक अधिकतम 35 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस हो सकता है। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने भी पिछले सप्ताह कहा था कि इस साल मार्च से मई तक भीषण गर्मी पड़ेगी।
गत 14 वर्षों के दौरान होली पर अधिकतम तापमान
वर्ष 2011 में होली पर अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वर्ष 2010 में होली का त्योहार फरवरी माह में पड़ा था। वर्ष 2021 में यह तीसरा मौका था जब वर्ष 2000 के बाद होली का त्योहार 25 मार्च के बाद पड़ा।
आमतौर पर इन दिनों मौसम अधिक गर्म माना जाता है। इससे पहले वर्ष 2005 में होली का त्योहार 25 मार्च को था। 2013 में होली 27 मार्च को मनाई गई थी। 2021 में होली 29 मार्च को थी तो तापमान 38 डिग्री को पार कर गया था। 2022 में यह 18 मार्च को था और तापमान 36 डिग्री को पार कर गया था।
2023 में यह त्योहार 8 मार्च को था तो तापमान 30.7 डिग्री था। 2024 में यह 25 मार्च को था तो 33.2 डिग्री दर्ज किया गया था।
सर्दी अब विदा हो चुकी है। धीरे-धीरे तापमान और गर्मी का अहसास बढ़ेगा। 34-35 डिग्री तापमान में पसीना आना स्वाभाविक है। इसमें कोई शक नहीं कि होली ठंडी नहीं बल्कि काफी गर्म होगी। हालांकि आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन गर्मी का अहसास कम नहीं होगा।
-महेश पलावत, उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन), स्काईमेट वेदर
शुक्रवार को सामान्य से ऊपर रहा दिन का तापमान
शुक्रवार को आसमान साफ रहा और धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम रहा। हवा में नमी का स्तर 90 से 24 फीसदी दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने शनिवार को आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। सुबह के समय कोहरा रह सकता है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 और 12 डिग्री रहने की संभावना है।