हिमाचल में आज भी भारी वर्षा होने की संभावना, कल से राहत देगा मानसून, 147 सड़कें बाधित

0 71

हिमाचल प्रदेश में आज भी बारिश का अलर्ट जारी है। हालांकि कल से कुछ राहत मिलने का अनुमान है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है।

बिजली चमकने के साथ तेज हवा भी चल सकती है। शुक्रवार से वर्षा में कमी आएगी और आने वाले दिनों में मानसून की बारिश में गिरावट होगी। बीते दिनों हुई भारी बारिश व बादल फटने की घटनाओं से अभी तक हालात पूरी तरह से सामान्‍य नहीं हुए हैं।

कांगड़ा जिले में पुलिस चौकी योल के तहत सिद्धबाड़ी के युवक की मनूनी खड्ड में बहने से मौत हो गई। वाघनी पंचायत के प्रधान सुरेश धीमान ने बताया कि 28 वर्षीय साहिल पुत्र महेश बुधवार दोपहर बाद करीब 3.30 बजे मनूनी खड्ड की ओर गया था। इस दौरान पांव फिसलने से वह पानी के तेज बहाव में बह गया। युवक का शव बरामद कर लिया है। साहिल बेरोजगार था।

जयसिंहपुर उपमंडल के तहत हलेड़ खड्ड का बहाव बाजार की ओर मुडऩे से एक दुकान ध्वस्त हो गई और अन्य को भी नुकसान हुआ है। चंबा-सलूणी हिमगिरी मार्ग पर शुक्राह के समीप मढ़ी नाला में बना पुल मंगलवार देर रात बह गया। इससे आठ पंचायतों का संपर्क सलूणी व तीसा से कट गया है। चार बसें भी फंस गई हैं। सलूणी-तीसा-चंबा की ओर जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी नहीं है।

मंडी जिले में बादल फटने के बाद अभी तक हालात सामान्य नहीं हुए हैं। प्रदेश में 475 ट्रांसफार्मर खराब हैं। सिरमौर जिले में 327 स्थानों पर ट्रांसफार्मर खराब हैं। कुल्लू में 63, मंडी में 33, चंबा में 31, लाहुल-स्पीति में 11 व शिमला में 10 स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। भूस्खलन से चंबा जिले में 45 व शिमला में पांच पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

जिला सिरमौर में वर्षा के कारण पांवटा शिलाई-गुम्मा राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर बाधित रहा। शिलाई की पंचायत क्यारी घूंडा में सड़क किनारे खड़ी कार नाले के पानी में करीब 200 मीटर तक बह गई। शिमला जिले के उपमंडल ठियोग की भाज कराना पंचायत के गवास गांव में भूस्खलन से मकान क्षतिग्रस्त हुआ। प्रभावित परिवार के सदस्यों ने भाग कर जान बचाई। लाहुल-स्पीति व ऊना जिला को छोड़ अन्य जिलों में 147 सड़कें बाधित होने से यातायात ठप है। कुल्लू में 43, चंबा में 33, शिमला में 32, सिरमौर में 21 व मंडी में 12 सड़कें बंद हैैं।

राज्य में तापमान की स्थिति

शहर, न्यूनतम,   अधिकतम

शिमला,17.3        22.4

सुंदरनगर,21.3    29.4

भुंतर,20.7           29.0

कल्पा,14.4         21.6

धर्मशाला,21.2    25.0

ऊना,22.0          33.2

नाहन,23.3         28.3

केलंग,10.8        21.4

पालमपुर,18.0   23.9

सोलन,20.2       28.0

मनाली,16.0     22.0

कांगड़ा,21.0    28.8

मंडी,22.1        28.8

हमीरपुर,21.9  26.2

चंबा,21.0        29.8

डलहौजी,15.3,  20.8

कुफरी,15.2     18.2

Leave A Reply

Your email address will not be published.