Weather Update: दिल्ली में हल्की ठंड, बिहार और बंगाल में बारिश के आसार; आपके राज्य में आज कैसा रहेगा मौसम?

0 35

देश के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। वहीं, दिल्ली में भी सुबह और शाम के समय लोगों को हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। हांलाकि, इसके बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

वहीं, दूसरी ओर मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल, उत्तरी उड़ीसा, बिहार, झारखंड और सिक्किम में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
बुधवार को दिल्ली में हल्की ठंड एहसास हुआ। गुरुवार को भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान जताया गया है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 34.4 जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 94 से 48 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग का मानना है कि बृहस्पतिवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। सुबह धुंध होगी जबकि दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है।

अधिकतम तापमान 34 जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के आसपास बना रहेगा। शुक्रवार से बादल छाए रहने के कारण तापमान में वृद्धि होगी। अगले छह दिन तक वर्षा की संभावना नहीं है।

उत्तराखंड में पारा बढ़ने की संभावना
उत्तराखंड से मानसून की विदाई हो चुकी है। इसके बाद अब आने वाले सप्ताह में प्रदेशभर का मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। मैदान से पहाड़ तक धूप खिलने से दोपहर के समय मैदानी क्षेत्रों में पारा बढ़ने की संभावना है। सुबह और शाम को मौसम सुहावना बना रहेगा।

बुधवार को मैदानी क्षेत्रों में दोपहर के समय तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। चारधाम में भी मौसम साफ रहा। दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 32.9 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

बिहार में मानसून सक्रिय
बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बनी हुई है। एक निम्न दबाव का क्षेत्र गांगेय पश्चिम बंगाल व झारखंड के आसपास बने होने के साथ ट्रफ रेखा सिक्किम से होते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ तक प्रभावी है।

इनके संयुक्त प्रभाव से अगले दो दिनों तक प्रदेश में अलग-अलग जगह भारी से छिटपुट वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

वहीं पटना समेत शेष जिलों में बादलों की आवाजाही बने होने के साथ छिटपुट व हल्की वर्षा के आसार हैं। राजधानी समेत 28 शहरों में तापमान गिरा है। पटना का तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम हो गया है।

बीते 24 घंटों का हाल
बीते 24 घंटों के दौरान दक्षिणी भागों के अधिसंख्य स्थानों तथा उत्तरी भागों के कुछ स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। रोहतास, कैमूर, पूर्णिया, पश्चिम चंपारण, अररिया एवं औरंगाबाद जिलों में भारी वर्षा, जबकि अन्य स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। रोहतास के दिनारा में सर्वाधिक वर्षा 100.2 मिमी दर्ज की गई।

वहीं राजधानी पटना में 6.4 मिमी, गया में 19.1 मिमी, भागलपुर में 16.6 मिमी, पूर्णिया में 24.8 मिमी, वाल्मीकिनगर में 69.2 मिमी, डेहरी में 81.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

हरियाणा में हल्की ठंड
हरियाणा में मानसून की विदाई हो चुकी है। वहीं, अब मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। सुबह और शाम के समय गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है।

हालांकि, दिन में तापमान समान्य रहता है। वहीं, मौसम विभाग के पुर्वानुमान के मुताबिक हरियाणा में आठ अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा तो नौ अक्टूबर को बारिश की संभावना जताई गई है।

हल्की बारिश के भी आसार
बंगाल की खाड़ी में बनने वाले कम दबाव क्षेत्र के कारण 8 अक्टूबर तक की अवधि में पड़ोसी राज्यों में अलग-अलग समय पर बारिश की संभावना है, लेकिन हरियाणा में इस सिस्टम का कोई असर नहीं होगा। इस दौरान हरियाणा में मौसम साफ बना रहेगा। वहीं, 9 अक्टूबर को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम श्रेणी की बारिश हो सकती है। पूरे उत्तर भारत में इन दिनों सुबह हल्के कुहासे के साथ हल्की ठंड का एहसास हो रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.