कर्नाटक में ट्रकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान, लोगों की बढ़ेंगी मुश्किलें; जानिए क्या है इनकी मांग
कर्नाटक में ट्रक मालिकों के संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी, टोल शुल्क में वृद्धि और आरटीओ अधिकारियों द्वारा कथित उत्पीड़न के खिलाफ सोमवार आधी रात से ये हड़ताल शुरू होगी।
ट्रक मालिकों के एलान के बाद से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कर्नाटक राज्य लॉरी मालिकों और एजेंटों के संघ (FOKSLOAA) और कर्नाटक माल ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया है। वहीं, इस हड़ताल का राज्य और क्षेत्रीय संघों से मिलकर बनी मोटर परिवहन ऑपरेटरों की शीर्ष संस्था अखिल भारतीय मोटर परिवहन कांग्रेस ने भी समर्थन किया है।
आवश्यक सेवाएं हो सकती हैं बाधित
ट्रक मालिकों के राज्यव्यापी हड़ताल के ऐलान से कई आवश्यक सेवाओं के बाधित होने की संभावना है। हड़ताल के कारण सोमवार आधी रात से छह लाख ट्रक और लॉरियों के सड़क से नदारद होने की उम्मीद है।
दरअसल, ट्रक मालिकों ने सरकार को उनकी मांगों को पूरा करने के लिए 14 अप्रैल तक की समयसीमा दी थी, जिसमें डीजल की कीमतों में कमी शामिल है। सरकार द्वारा उनकी चिंताओं का समाधान करने में विफल रहने के कारण, संघों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है।
पेट्रोल-डीजल की भी हो सकती है किल्लत
जानकारी के अनुसार, जेली स्टोन, ढीली रेत और अन्य सामान ले जाने वाले ट्रक परिचालन बंद कर देंगे। सूत्रों ने बताया कि पेट्रोल और डीजल का परिवहन करने वाले वाहन भी सेवाएं निलंबित रखेंगे। जिससे राज्य में ईंधन की परेशानी भी देखने को मिल सकती है।
कर्नाटक राज्य लॉरी मालिक एवं एजेंट संघ के अध्यक्ष जीआर षणमुगप्पा ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि पांच प्रमुख मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर हड़ताल शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अभी तक कोई चर्चा शुरू नहीं की है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी विरोध की तैयारी
राज्य लॉरी मालिक एवं एजेंट संघ के अध्यक्ष जीआर षणमुगप्पा ने घोषणा की कि 27 और 28 अप्रैल को राष्ट्रीय स्तर के विरोध पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि छह लाख ट्रक और लॉरी परिचालन बंद कर देंगे। हड़ताल आधी रात से शुरू होगी।