Uttarakhand Weather: लगातार बारिश के बीच ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से लुढ़का पारा; उत्तरकाशी में आज भारी वर्षा का अलर्ट

0 58

चारों धाम में भारी वर्षा के साथ ही ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। चमोली जिले में बुधवार रात से गुरुवार देर शाम तक वर्षा होती रही।

इसके साथ ही बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और नीती-मलारी घाटी में बर्फबारी होने से ठंड का एहसास होने लगा है। बीते दिन बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई थी। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की पहाड़ियों पर गुरुवार को सीजन का पहला हिमापत हुआ। बर्फबारी का दृश्य देख श्रद्धालु भी खासे उत्साहित हैं।

चमोली जिले में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के बाद पारा लुढ़क गया है। सुबह और रात में ठंड का एहसास होने लगा है। इसको देखते हुए लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं।

नीती और माणा घाटी के सीमावर्ती इलाकों में सेना के कैंप भी बर्फबारी से ढक गए हैं। जिले में लगातार हो रही वर्षा के कारण लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं।

उत्तरकाशी में जिला मुख्यालय सहित सभी तहसील क्षेत्रों में दिनभर वर्षा हुई। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी वर्षा जारी रही। गंगोत्री-यमुनोत्री धाम में ऊंची चोटियों पर हिमपात के बाद तापमान में गिरावट आ गई है। ठंड से बचने के लिए धामों में तैनात कर्मचारी अलाव का सहारा ले रहे हैं।

उत्तरकाशी में आज बंद रहेंगे स्कूल और सरकारी दफ्तर
उत्तरकाशी जिले में मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को भी भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी डा. मेहरबान सिंह बिष्ट ने 13 सितंबर को जनपद में 12वीं तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केद्रों में अवकाश घोषित किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.